जगदलपुर। बस्तर में कुपोषण के खिलाफ सरकारी योजनाएं तो चल रही हैं, लेकिन जिले के आंकड़े बता रहे हैं कि चुनौती अब भी बड़ी है. जिले में लगभग 80 हजार बच्चों में से 14 हजार बच्चे कुपोषण की श्रेणी में हैं, यानी कुल बच्चों का करीब 17 प्रतिशत हिस्सा कुपोषण से प्रभावित है, इनमें लगभग 2 प्रतिशत बच्चे गंभीर कुपोषण की श्रेणी में हैं.
आंकड़ों के मुताबिक, बस्तर में हर छह बच्चों में लगभग एक बच्चा कुपोषण से प्रभावित है. जिले के सात पोषण पुनर्वास केंद्रों यानी NRC के सभी 140 बेड भरे हुए हैं. दरभा और तोकापाल में स्थिति ज्यादा चिंताजनक है. यह स्थिति बच्चों के शारीरिक विकास और स्वास्थ्य के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है.
कुपोषण से निपटने के लिए विभाग आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण आहार उपलब्ध करा रहा है. 3 से 6 साल के बच्चों को रेडी टू ईट नाश्ता और चावल, दाल, सब्जी का गर्म भोजन दिया जा रहा है, वहीं गर्भवती महिलाओं और तीन वर्ष तक के बच्चों को टेक होम राशन यानी THR दिया जाता है. इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर गर्भवती महिलाओं और कुपोषित बच्चों के परिजनों को खानपान और पोषण के प्रति जागरूक कर रही हैं.
जिले में कुपोषण की गंभीरता इसी से समझी जा सकती है कि जिले में संचालित सभी 7 NRC केंद्रों में सभी 140 बेड भरे हुए हैं. महिला एवं बाल विकास विभाग के लाख दावों के बावजूद जिले में कुपोषण की दर कम नहीं हो रही है. इन सबके बीच विभाग एक बार फिर जिले में 1 से 14 दिसंबर तक पोषण त्योहार मनाने की तैयारी कर रहा है.
अभियान के तहत बच्चों का वजन, गर्भवती और धात्री महिलाओं तथा किशोरियों की एनीमिया जांच और BMI संबंधी जानकारी जुटाई जा जाएगी, लेकिन विभाग के सामने एक बड़ी चुनौती अतिरिक्त पोषण आहार उपलब्ध कराने की है. अधिकारियों के मुताबिक, सुपोषण अभियान के लिए फिलहाल बजट उपलब्ध नहीं है, बजट मिलने के बाद कुपोषित बच्चों को अतिरिक्त पोषण आहार देने की योजना है.
कुल मिलाकर बस्तर में कुपोषण की चुनौती सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं है. 14 हजार प्रभावित बच्चे और NRC की पूरी क्षमता का उपयोग इस समस्या की गंभीरता दिखाता है. अब जरूरत है कि बच्चों की नियमित निगरानी, समय पर उपचार और पर्याप्त पोषण सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकारी प्रयास वास्तव में बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार ला सकें.