महिला दिवस पर दिया जाएगा स्वास्थ्य का संदेश, रायपुर में कार रैली से जागरूकता अभियान

रायपुर । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के गरिमामयी अवसर पर JITO लेडीज विंग रायपुर द्वारा एक अनूठा सामाजिक अभियान “ड्राइव विद पर्पज – नेशनल कार रैली” कल, 8 मार्च को आयोजित किया जा रहा है। कैंसर और थैलेसीमिया जैसी जानलेवा बीमारियों के प्रति समाज को सचेत करने के उद्देश्य से निकलने वाली इस रैली का नेतृत्व और संयोजन JITO लेडीज विंग की चीफ सेक्रेटरी अंकिता बरडिया द्वारा किया जा रहा है।
अंकिता बरडिया ने इस मुहिम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि — महिलाओं में “सर्वाइकल कैंसर और थैलेसीमिया आज के दौर की सबसे बड़ी स्वास्थ्य चुनौतियां हैं। विशेष रूप से थैलेसीमिया के मरीजों को निरंतर देखभाल की आवश्यकता होती है। हमारा संकल्प है कि ‘माय कार, माय कॉज, माय कमिटमेंट’ के जरिए हम हर घर तक जागरूकता का संदेश पहुँचाएं। समय पर जांच और सही जानकारी ही इन बीमारियों से बचाव का सबसे सशक्त हथियार है।”
बरडिया ने बताया कि यह भव्य आयोजन JITO रायपुर चैप्टर के चेयरमैन तिलोकचंद बरड़िया के मार्गदर्शन और JITO लेडिस विंग की चेयरपर्सन रश्मि जैन के नेतृत्व में संपन्न होगा। रैली के दौरान शहर के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. जसवंत जैन, डॉ. सुनील जोंधले और डॉ. काजल सचदे* मौजूद रहकर प्रतिभागियों को इन बीमारियों की पहचान, रोकथाम और आधुनिक उपचार के बारे में महत्वपूर्ण चिकित्सा जानकारी देंगे।
बरडिया ने कार्यक्रम का विवरण एवं रूट मैप की जानकारी देते हुए कहा कि रैली सुबह 6:00 बजे फ्लैग ऑफ होगी और 7:00 बजे गांधी चौक से विधिवत प्रारंभ होगी। लगभग 20 किलोमीटर लंबी यह रैली 2 घंटे में शहर के विभिन्न हिस्सों गांधी चौक, घड़ी चौक, कलेक्टोरेट चौक, काली माता मंदिर (सिविल लाइंस), नेताजी चौक, मदर टेरेसा चौक, BOB चौक (टैगोर नगर), पेंशन बाड़ा, सदर बाजार, सत्ती बाजार, एम.जी. रोड को कवर करते हुए स्वास्थ्य का अलख जगाएगी और दादाबाड़ी में समापन होगा।