वीर सावरकर की पुण्यतिथि पर देशभर में श्रद्धांजलि, अमित शाह बोले—राष्ट्रप्रथम के ज्योति स्तंभ

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका त्याग और समर्पण हर राष्ट्रप्रेमी के लिए ‘राष्ट्रप्रथम’ का ज्योति स्तंभ बना रहेगा।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि स्वातंत्र्यवीर सावरकर आजादी के आंदोलन के उन नायकों में थे, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत से स्वतंत्रता और सांस्कृतिक स्वाधीनता के लिए एक साथ संघर्ष किया। उन्होंने अपने क्रांतिकारी विचारों से आजादी के आंदोलन को वैचारिक आधार दिया और देश से लेकर इंग्लैंड तक अपने साहसी अभियानों से युवाओं को प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि अस्पृश्यता उन्मूलन और नारी शिक्षा के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले सावरकर के त्याग, समर्पण और वीरता की गाथाएं अनंत काल तक राष्ट्रप्रेमियों को प्रेरित करती रहेंगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ओजस्वी क्रांतिकारी और तेजस्वी विचारक सावरकर का त्याग और संघर्ष भारत के इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने उन्हें स्वाधीनता संग्राम का प्रखर क्रांतिकारी और दूरदर्शी चिंतक बताते हुए कहा कि उनका राष्ट्रनिष्ठ चिंतन देशवासियों को कर्तव्यबोध और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता रहेगा।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सावरकर को सामाजिक समरसता, हिंदुत्व और राष्ट्रवाद का महान ध्वजवाहक बताते हुए कहा कि उनके विचार भारत को परम वैभव की ओर ले जाने की क्षमता रखते हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सावरकर का त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उन्हें अदम्य साहस का प्रतीक बताते हुए कहा कि काला पानी की कठोर यातनाएं भी उनके अडिग संकल्प को डिगा नहीं सकीं। उन्होंने सावरकर के बहुआयामी व्यक्तित्व को साहस, साहित्य और समाज सुधार की प्रतिमूर्ति बताया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अंग्रेजों की यातनाएं भी देश को स्वतंत्र कराने के उनके संकल्प को नहीं डिगा सकीं।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सावरकर को त्याग और तप की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में उनके अदम्य साहस और संघर्ष को राष्ट्र कभी नहीं भुला पाएगा।