5 दिन तक गरज-चमक संग बारिश के आसार, 50 किमी/घंटा तक चलेगी हवा

रायपुर । छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 5 दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम में ठंडक महसूस होगी।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है। वहीं, दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव के संकेत नहीं हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। पेंड्रारोड में 10 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। तापमान की बात करें तो राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दुर्ग में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।