दुर्ग। दुर्ग-रायपुर मार्ग पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चियों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर से स्कूटी के पीछे से टकराने के कारण हुआ। घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, भिलाई निवासी अमृता निर्मलकर (28) चार अन्य लोगों के साथ स्कूटी से बसंत विहार जा रही थीं। सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच दुर्ग से रायपुर जाने वाले मार्ग पर उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर के पीछे जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में स्कूटी सवार दो महिलाओं और दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी मृतक उतई क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए दुर्ग-रायपुर मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, यातायात बहाल कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है तथा ट्रैक्टर के सड़क किनारे खड़े होने और दुर्घटना की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।