रायपुर। राजधानी रायपुर के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक 61, भाठागांव में नए सब्जी बाजार के दुकान/स्थान आवंटन को लेकर सब्जी व्यापारियों एवं वार्डवासियों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। व्यापारियों का कहना है कि आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई तथा वर्षों से भाठागांव में सब्जी का व्यवसाय करने वाले स्थानीय व्यापारियों को प्राथमिकता नहीं मिल रही है।
भाठागांव का नया बाजार पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में लगभग 1 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से निर्मित किया गया था। बाजार के आवंटन को लेकर सब्जी व्यापारियों ने पूर्व पार्षद सतनाम सिंह पनाग एवं वार्ड क्रमांक 61 के छाया पार्षद ब्रम्हा सोनकर से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
पूर्व पार्षद सतनाम सिंह पनाग ने कहा कि यह बाजार भाठागांव के सब्जी व्यापारियों की सुविधा के लिए बनाया गया है। व्यापारियों द्वारा वर्षों से इसी व्यवसाय के माध्यम से अपने परिवार का पालन-पोषण किया जा रहा है। ऐसे में स्थानीय एवं पुराने सब्जी व्यापारियों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आवंटन प्रक्रिया में कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आ रही हैं और कुछ स्थानीय व्यापारियों को स्थान नहीं मिल रहा है। कहीं ना कहीं शासन प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि का मिली भगत नजर आ रहा है।
वहीं छाया पार्षद ब्रम्हा सोनकर ने कहा कि बाजार आवंटन को लेकर सब्जी व्यापारियों में काफी नाराजगी है। उनके अनुसार, व्यापारियों द्वारा यह शिकायत की जा रही है कि एक ही परिवार के तीन-तीन अथवा चार-चार सदस्यों को स्थान आवंटित किया गया है, जबकि कई वास्तविक स्थानीय व्यापारियों को जगह नहीं मिली। साथ ही, वार्ड के बाहर के लोगों को भी स्थान दिए जाने की शिकायत सामने आई है।
उन्होंने यह भी कहा कि बाजार में चिन्हित किए गए स्थानों का आकार समान नहीं है। कुछ स्थान लगभग 8 फीट, कुछ 6 फीट और कुछ 4 फीट के बताए जा रहे हैं। व्यापारियों की मांग है कि सभी को समान आकार का स्थान उपलब्ध कराया जाए।
आवंटन से संबंधित कुछ कागजातों में व्हाइटनर लगाए जाने की शिकायत भी व्यापारियों द्वारा की गई है। इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
निष्पक्ष जांच एवं नए सिरे से आवंटन की मांग

ब्रम्हा सोनकर ने शासन-प्रशासन से मांग की कि वर्तमान आवंटन प्रक्रिया एवं उससे संबंधित दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो वर्तमान आवंटन को निरस्त कर नए सिरे से सर्वे एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से आवंटन किया जाए।
उन्होंने मांग रखी कि—
भाठागांव वार्ड के वास्तविक एवं पुराने सब्जी व्यापारियों को प्राथमिकता दी जाए।
एक परिवार से एक ही व्यक्ति को दुकान/स्थान आवंटित किया जाए।
आधार कार्ड एवं वोटर आईडी सहित आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाए।
सभी व्यापारियों को समान आकार का स्थान दिया जाए।
बाजार आवंटन की प्रक्रिया व्यापारियों की उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से की जाए।
आवश्यकता होने पर लॉटरी के माध्यम से निष्पक्ष आवंटन कराया जाए।
बाहरी लोगों के आवंटन की भी जांच की जाए।
आवंटन से संबंधित सभी दस्तावेजों की जांच कर अनियमितता पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि भाठागांव के वास्तविक सब्जी व्यापारियों को उनका अधिकार मिलना चाहिए और बाजार आवंटन पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष होना चाहिए।
इस मामले को लेकर पीड़ित बाजार सब्जी व्यापारियों के साथ में कल 11:00 बजे नगर निगम कमिश्नर व मेयर से मिलकर ज्ञापन सोपा जाएगा
इस दौरान मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर, वार्ड अध्यक्ष टीकम सोनकर, राजा यादव, रूपेश सोनकर, करन सोनकर सहित बड़ी संख्या में सब्जी व्यापारी, वार्ड की माताएं-बहनें एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।