पीएम मोदी की मनीला यात्रा में भारत-आसियान सहयोग को नई दिशा, समुद्री सुरक्षा और साइबर अपराधों पर बड़ा फोकस

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 16-17 नवंबर, 2026 को फिलीपींस की राजधानी मनीला यात्रा के दौरान भारत ने आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के सदस्य देशों के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलें घोषित कीं। इन पहलों में समुद्री सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, साइबर अपराधों से मुकाबला, अंतरिक्ष अनुसंधान, परमाणु ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, युवा संपर्क और पर्यटन जैसे क्षेत्र शामिल हैं। यात्रा के दौरान तीन महत्वपूर्ण संयुक्त वक्तव्य और घोषणापत्र भी जारी किए गए।
प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान तीन प्रमुख दस्तावेज जारी किए गए। इनमें आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग से संबंधित आसियान-भारत संयुक्त वक्तव्य शामिल है। इसके अलावा ऑनलाइन घोटालों और उनसे जुड़े अपराधों के खिलाफ सहयोग मजबूत करने के लिए पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) के नेताओं का वक्तव्य जारी किया गया। तीसरा दस्तावेज पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन का घोषणापत्र है, जिसका शीर्षक ‘अपने भविष्य की राह पर एक साथ आगे बढ़ना : स्थिरता और नवीनीकरण’ है।

23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन के तहत दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई घोषणाएं कीं। इनमें कनेक्टिविटी, वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन, तटरक्षक सहयोग, समुद्री क्षेत्र संबंधी जागरूकता और नाविकों की सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए दीर्घकालिक समुद्री सहयोग योजना शामिल है। इसके तहत क्षेत्रीय क्षमता विकास के लिए संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की पहल की गई है। साथ ही आसियान-भारत परमाणु ऊर्जा तकनीकी आदान-प्रदान और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए ‘स्पेस हैकाथॉन’ की घोषणा की गई।

भारत और आसियान देशों के बीच खनन तथा महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की भी घोषणा की गई। युवा संपर्क को मजबूत करने के लिए युवा शिखर सम्मेलन, युवा सांसदों के आदान-प्रदान और स्टार्टअप हैकाथॉन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा नालंदा विश्वविद्यालय में आसियान देशों के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्तियों की संख्या बढ़ाने की पहल की गई है।

भारत और आसियान के बीच रचनात्मक उद्योगों में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए ‘वेव्स 2027’ में आसियान-भारत रचनात्मक साझेदारी मंडप स्थापित किया जाएगा। इसके माध्यम से दोनों पक्षों के रचनात्मक और सांस्कृतिक क्षेत्रों के बीच संपर्क को प्रोत्साहित किया जाएगा। वहीं, आसियान देशों के पर्यटकों को भारत आने के लिए मुफ्त ई-वीजा देने की भी घोषणा की गई है। इससे पर्यटन और लोगों के बीच आपसी संपर्क को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के तहत नाविकों की सुरक्षा से संबंधित पहल की घोषणा की गई। इसका उद्देश्य संयुक्त प्रशिक्षण और आपातकालीन प्रतिक्रिया के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना है। इसके अलावा नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी में ‘ईएएस साइबर क्राइम कॉन्फ्रेंस’ आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराधों और सीमा पार होने वाले अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े नए खतरों से निपटने के लिए सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाना है।