नेशनल हाईवे पर अवैध पार्किंग के खिलाफ NSUI ने यातायात प्रभारी को सौंपा ज्ञापन

रायपुर। नेशनल हाईवे पर अवैध रूप से खड़े किए जा रहे ट्रकों और भारी वाहनों के विरोध में रायपुर जिला एनएसयूआई ने गुरुवार को टाटीबंध यातायात थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
रायपुर जिला एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी के निर्देशानुसार सुमित शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने टाटीबंध चौक से लेकर अटारी ओवर ब्रिज तक नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े किए जाने वाले ट्रकों और भारी वाहनों की समस्या को उठाया।
एनएसयूआई नेताओं ने बताया कि सड़क पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और बड़ी घटना की आशंका बनी रहती है। इससे स्थानीय नागरिकों, स्कूली छात्रों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन ने मांग की कि संबंधित क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की जाए तथा स्थायी समाधान के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष शिवांक सिंह, जिला सचिव अनुज सिंह, शिवेंद्र सौरभ, राहुल साहू, श्रीजन साहू, पुष्पेंद्र जायसवाल, भावेश शुक्ला, शिवम गोस्वामी, सोनू वर्मा, झम्मन साहू, मनजोत गिल, प्रियांशु भोई उपस्थित रहे।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।