नई दिल्ली। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने आज गुरुवार को कहा कि अपनी भाषा में संविधान को समझना प्रभावी न्याय और सुशासन के लिए जरूरी है। उन्होंने नागरिकों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के महत्व पर जोर दिया।
केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने संविधान अंगीकार किए जाने की 77वीं वर्षगांठ के अवसर पर दिल्ली में कानून मंत्रालय द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश के इस मूलभूत दस्तावेज को, आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराने से संवैधानिक जागरूकता और लोकतांत्रिक भागीदारी मजबूत होगी।
इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी शामिल हुए। उन्होंने संविधान के अद्यतन संस्करणों का विमोचन किया।
वहीं, अपने संबोधन में मेघवाल ने कहा कि नागरिकों को अपनी भाषाओं में अपने अधिकारों, संस्थाओं की जिम्मेदारियों और सहायता प्राप्त करने के तरीकों को समझने में सक्षम होना चाहिए। इस पहल को बी आर आंबेडकर के ‘एक व्यक्ति, एक वोट और एक मूल्य’ के सिद्धांत का प्रतिबिंब बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इससे विद्यार्थियों, महिलाओं और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को संवैधानिक मूल्यों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी।