रायपुर में शिक्षकों की 5 दिवसीय ट्रेनिंग पूरी, नए ब्लूप्रिंट और प्रैक्टिकल एजुकेशन पर फोकस

रायपुर। रायपुर में मिशन उत्कर्ष 2.0 के तहत कक्षा 10वीं के शिक्षकों का 5 दिवसीय प्रशिक्षण पूरा हो गया। 16 से 21 अप्रैल तक जेआर दानी शासकीय विद्यालय में यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारना और बोर्ड परीक्षा में अच्छे परिणाम लाना है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में हुए इस प्रशिक्षण में विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत विषय के शिक्षक शामिल हुए। इसमें शिक्षकों को ब्लूप्रिंट के आधार पर पढ़ाने, प्रश्नपत्र बनाने और कठिन विषयों को आसान तरीके से समझाने के उपाय बताए गए।
ऑडियो-वीडियो के जरिए होगी पढ़ाई आसान
विषयवार सत्रों में अलग-अलग फोकस रहा। सामाजिक विज्ञान में परीक्षा पैटर्न और कठिन अध्यायों पर चर्चा हुई, गणित में त्रिकोणमिति जैसे टॉपिक को सरल बनाने के तरीके सिखाए गए। वहीं हिंदी और अंग्रेजी में समझकर पढ़ने, लिखने और व्याकरण सुधारने पर जोर दिया गया। विज्ञान और संस्कृत में गतिविधियों और ऑडियो-वीडियो के जरिए पढ़ाई को आसान बनाने के तरीके बताए गए।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने नए तरीकों को अपनाने की बात कही। अधिकारियों का मानना है कि इससे आने वाले सत्र में छात्रों का प्रदर्शन बेहतर होगा। हायर सेकेंडरी स्तर के शिक्षकों के लिए अगला प्रशिक्षण 22 से 27 अप्रैल तक प्रस्तावित है।