छत्तीसगढ़ में 40-50 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा, चार दिन मौसम खराब, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 13 से 16 मई के बीच प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। एमपी से मणिपुर तक बनी ट्रफ लाइन और बंगाल में साइक्लोन सर्कुलेशन के असर से ऐसी स्थिति बन रही है।
वहीं अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। यानी बारिश और तेज हवाओं के बीच गर्मी का असर भी बना रहेगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा, लेकिन अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दुर्ग सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
रायपुर का मौसम
शहर में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने बारिश, गरज-चमक और धूलभरी आंधी की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।