नई दिल्ली। गुजरात टाइटंस (जीटी) ने रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के विरुद्ध इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 37वां मैच 8 विकेट से अपने नाम किया। इस जीत के साथ जीटी प्वाइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर पहुंच गई है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स एक स्थान फिसलकर छठे नंबर पर आ गई है।
एमए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने 7 विकेट खोकर 158 रन बनाए। यह टीम 37 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से शिवम दुबे ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों में 59 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला।
दुबे 17 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 22 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद गायकवाड़ ने कार्तिक शर्मा (15) के साथ 26 रन और जेमी ओवरटन (18) के साथ 21 रन की साझेदारी करते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
विपक्षी खेमे से कगिसो रबाडा ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले, जबकि अरशद खान ने 2 विकेट अपने नाम किए। मोहम्मद सिराज और मानव सुथार को 1-1 विकेट हाथ लगा।
इसके जवाब में गुजरात टाइटंस ने 16.4 ओवरों में ही मैच अपने नाम कर लिया। कप्तान शुभमन गिल ने साईं सुदर्शन के साथ 6.2 ओवरों में 58 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। गिल 23 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौके के साथ 33 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद साईं सुदर्शन ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 गेंदों में 97 रन की साझेदारी करते हुए टीम की जीत को आसान बना दिया। पिछले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 100 रन बनाने वाले सुदर्शन ने इस मुकाबले में 46 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्कों और 4 चौकों के साथ 87 रन की पारी खेली। जोस बटलर 30 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 39 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से अकील हुसैन और नूर अहमद ने 1-1 विकेट हासिल किया।