मिल्क पाउडर पीते ही बिगड़ी नवजात की तबीयत, दो दिन बाद मौत; पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक्सपायरी मिल्क पाउडर पिलाने से मासूम बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने इसकी शिकायत मौदहापारा थाना में दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी फुटेजों को खंगाल रही है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जाँच की जा रही है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, ये पूरा मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र के मेकाहारा चौक स्थित एक निजी मेडिकल सटोर की है। परिजनों की शिकायत के मुताबिक, दलदल सिवनी निवासी चंद्रशेखर कन्नोजे की पत्नी डागेश्वरी कन्नोजे ने 29 जून को जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था। दोनों बच्चियों को मां का दूध पर्याप्त नहीं होने पर डाॅक्टर ने बाहर से मिल्क पाउडर खरीदने की सलाह दी थी।
निजी मेडिकल से ख़रीदे थे मिल्क पाउडर
परिजन मेकाहारा के बाहर स्थित निजी मेडिकल स्टोर पहुंचे और 30 जून को मिल्क पाउडर ख़रीदे थे। परिजनों ने दावा किया हैं कि मिल्क पाउडर से दूध तैयार कर जैसे ही बच्चियों को पिलाए तो उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने गंभीर हालत में बच्चियों को उपचार के लिए मेकाहारा के आईसीयू में भर्ती कराया गया। दो दिन बाद बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद डाॅक्टर ने बताया कि एक्सपायरी मिल्क पीने से बच्ची की मौत हुई।
गुस्साएं परिजन निजी मेडिकल पहुंचे और विरोध करने लगे तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने उनके हाथ से मिल्क का डिब्बा छीनकर दूसरा डिब्बा थमा दिया।
आक्रोशित परिजनों ने इसकी शिकायत मौदहापारा थाने में दर्ज करवाई। पीड़ित परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मीडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी का डीवीआर जब्त कर लिया है। साथ ही मामले में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।