भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, पहली बार विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंची

नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) की विश्व रैंकिंग में पहली बार पांचवां स्थान हासिल किया है। मंगलवार को भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में जारी मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 में चीन को 6-2 से हराने के बाद टीम ने यह उपलब्धि हासिल की।
यह भारतीय महिला हॉकी के लिए अब तक की सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग है। यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टीम के लगातार बेहतर प्रदर्शन और बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाती है।
अक्टूबर 2003 में एफआईएच विश्व रैंकिंग की शुरुआत के बाद से भारतीय महिला टीम ने वैश्विक स्तर पर लगातार प्रगति की है। इससे पहले टीम की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग छठा स्थान थी, जो उसने मई-जून 2022 में एफआईएच प्रो लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद हासिल की थी। टीम 2023 में भी छठे स्थान पर पहुंची थी।
इससे पहले टोक्यो 2020 ओलंपिक में चौथा स्थान हासिल करने के बाद भारतीय टीम विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर पहुंची थी। वहीं, 2018 में एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद टीम ने नौवीं रैंकिंग हासिल की थी।
वर्ष 2026 भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए कई बड़ी उपलब्धियों वाला रहा है। टीम ने साल की शुरुआत एफआईएच विश्व कप के लिए क्वालीफाई करके की और इसके बाद एफआईएच नेशंस कप का खिताब जीता।
कोच स्जोर्ड मारिज्ने के नेतृत्व वाली टीम ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया। यह 1974 के बाद इस टूर्नामेंट में टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
इसके बाद भारतीय महिला टीम ने 44 साल का इंतजार खत्म करते हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ टीम ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई भी किया।
इन उपलब्धियों ने अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी में भारत की स्थिति को और मजबूत किया है।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि एफआईएच विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंचना भारतीय हॉकी के लिए गर्व का क्षण है। यह खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की कड़ी मेहनत, प्रतिबद्धता और विश्वास का प्रमाण है।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि यह हर भारतीय हॉकी समर्थक के लिए जश्न मनाने का ऐतिहासिक अवसर है। खिलाड़ियों ने पूरे साल शानदार जज्बा और दृढ़ संकल्प दिखाया है तथा बड़े मंचों पर अपनी मेहनत को नतीजों में बदला है।
उन्होंने नेशंस कप और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के साथ विश्व कप में 1974 के बाद सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का भी उल्लेख किया। उन्होंने भरोसा जताया कि टीम आने वाले वर्षों में इससे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की क्षमता रखती है।