माशिमं ने बढ़ाई फीस जमा करने की तारीख, छात्रों को बड़ी राहत

रायपुर। राष्ट्रीयकृत बैंकों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के बीच छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने विद्यार्थियों और स्कूलों को राहत दी है। बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने की संभावित स्थिति को देखते हुए मंडल ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नियमित विद्यार्थियों के नामांकन और परीक्षा से संबंधित शुल्क जमा करने की समय-सीमा बढ़ा दी है। अब संबंधित स्कूल और विद्यार्थी 7 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन शुल्क का भुगतान कर सकेंगे।
माशिमं की ओर से पहले नियमित विद्यार्थियों के नामांकन, मुख्य परीक्षा और परीक्षा आवेदन पत्र से जुड़े शुल्क के ऑनलाइन भुगतान के लिए 30 सितंबर अंतिम तारीख निर्धारित की गई थी। इसी दौरान राष्ट्रीयकृत बैंकों की तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में स्कूल प्रबंधन और विद्यार्थियों के सामने शुल्क भुगतान को लेकर परेशानी की आशंका बनी हुई थी। इसे देखते हुए मंडल ने निर्धारित समय-सीमा में सात दिनों की बढ़ोतरी की है।
30 सितंबर की जगह अब 7 अक्टूबर तक जमा होगा शुल्क
मंडल के नए निर्देश के अनुसार अब मान्यता प्राप्त हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में अध्ययनरत नियमित विद्यार्थियों से संबंधित शुल्क 7 अक्टूबर तक ऑनलाइन जमा किया जा सकेगा। इससे स्कूल प्रबंधन को नामांकन और परीक्षा आवेदन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।